कमासिन (बांदा)। क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक मंगलवार को सभागार में हुई। बैठक में सदस्यों ने प्रस्तावों पर चर्चा की। बजट को लेकर अपनी-अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। कई प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लाक प्रमुख रावेंद्र गर्ग ने बैठक शुरू कराई। क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव की उपस्थिति में कार्रवाई शुरू हुई। बीडीओ ओमप्रकाश द्विवेदी ने पिछली कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक शासन से राज्य एवं 15वें वित्त में चार करोड़ 75 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके सापेक्ष अब तक दो करोड़ 30 लाख से विकास कराए गए हैं। इस समय में दो करोड़ 44 लाख 45 हजार 999 रुपये अवशेष हैं। पारित प्रस्तावों के अनुसार इसी से विकास कार्य कराए जाएंगे । ग्राम विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने 11 जुलाई की बैठक में पारित विकास कार्यों की प्रगति को पढ़कर सुनाया।
आजीविका के ब्लॉक मिशन प्रबंधक भरत द्विवेदी ने स्वयं सहायता समूहों के गठन, ग्राम संगठन से जुड़कर सीसीएल खाता में प्राप्त धन से महिलाओं को स्वरोजगार, ब्यूटी पार्लर ,भैंस , मुर्गी, बकरी पालन का लघु उद्योग स्थापित कर लखपति दीदी बनने की जानकारी दी। समाज कल्याण विभाग के जगत नारायण ल प्रोबेशन अधिकारी मीनू सिंह ने भी योजनाओं व बजट के बारे में बताया। सीडीपीओ राम प्रकाश, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष सुनील यादव, ग्राम प्रधान बंथरी ,ग्राम प्रधान मऊ ने स्कूलों में शिक्षा के गिरते स्तर का मुद्दा उठाया।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.कमलेश सिंह ने पशुपालन, गोपालन, बकरी पालन योजना के साथ पशुओं का टीकाकरण करने संबंधी जानकारी दी। एल एंड टी के अवर अभियंता निशांत मिश्रा को अपनी बात रखने पर प्रधानों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रधानों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने पर तोड़ी गई सड़कों ,आम रास्तों को शीघ्र ठीक न करने ,घर-घर पीने का पानी न मिलने का आरोप लगाया। ब्लॉक प्रमुख रावेंद्र गर्ग ने कहा कि आवास सर्वे में कोई पात्र परिवार न छूटे, सरकार जल जीवन मिशन पर सक्रियता से कार्य कर रही है। इसके बाद उन्होंने बैठक के समापन की घोषणा की।