लोकतांत्रिक बहुजन मंच कार्यकर्ता सम्मेलन में स्वामी प्रसाद मौर्या (बाएं से दूसरे) व अन्य नेता।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। बसपा से भाजपा मेें छलांग मारने के बाद पहली बार बांदा आए पूर्व मंत्री और विधानसभा में नेता विरोधी दल रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बसपा मुखिया मायावती दलितों, पिछड़ों और शोषितों के सम्मान का नारा देकर सत्ता में आईं लेकिन अब दौलत के खेल-खेलकर अपना खजाना भरने में जुटी हैं। अब उनका नारा बदलकर ‘जिसकी जितनी थैली भारी, उसकी उतनी भागीदारी’ हो गया है। शनिवार को यहां मंडपम सभागार में अपनी पार्टी लोकतांत्रिक बहुजन मंच के कार्यकर्ता सम्मेलन में बोलते हुए श्री मौर्य ने कहा कि उन्होंने अपनी 35 वर्ष की राजनीति मेें 20 वर्ष बसपा में बिताए। लेकिन जब दलितों की बेटी ने दलितों के सम्मान का सौदा शुरू कर दिया तो वर्ष 2012 के चुनाव में मात्र 80 सीटों पर बसपा सिमट गई। 130 टिकट काट दिए। श्री मौर्या ने कहा कि लोकसभा चुनाव में दलितों को 25 लाख, पिछड़ों को 50 लाख और सामान्य वर्ग को एक करोड़ में टिकट बेंचा। जिला पंचायत चुनाव में भी ढाई से पांच लाख में टिकट बेंचे। श्री मौर्य ने कहा कि अंबेडकर और कांशीराम के विचारों पर मायावती ने तलवार चला दी और भ्रष्टाचार का साम्राज्य स्थापित कर दिया। दावा किया कि लोकसभा की तरह विधानसभा चुनाव में बसपा तीसरे नंबर पर रहेगी। श्री मौर्या ने कहा कि वह पहले नेता हैं जिसने इस्तीफा देने के साथ मायावती को बर्खास्त करने का काम किया।
कहा कि खुद को दलितों की देवी कहलाने वाली मायावती दो लाख में दर्शन और 10 लाख में एक मिनट बात करती थी। दलित उत्पीड़न के मामले में उन्होंने खुद मायावती को राय दी थी कि उन्हें या नसीमुद्दीन सिद्दीकी को मौके पर जाने के लिए स्वतंत्र कर दिया जाए। इस पर दलितों की देवी का कहना था कि दलित जितना लतियाया और पीटा जाएगा उतना बसपा का वोट पक्का होगा। श्री मौर्या ने बताया कि 22 सितंबर को लखनऊ के रमाबाई पार्क में उनके मंच की रैली है। इसी की तैयारी और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए वह भ्रमण पर निकले हैं।
सम्मेलन को पूर्व मंत्री विनय शाक्य ने भी संबोधित किया। कहा कि मायावती को दलित शोषित समाज के सम्मान की चिंता नहीं है। रैली संयोजक और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य बृजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि काशीराम ने मायावती को बहुजन समाज का नेता बनाया था। लेकिन अब वह सिर्फ दलालों की नेता बनकर रह गई हैं। आज पूरा भारत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। रैली की अध्यक्षता जागेश्वर प्रसाद प्रजापति ने की। पूर्व मंत्री धनपतराम विद्रोही, हरी सिंह वर्मा, पूर्व विधायक दिनेश मिश्रा, जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा, राजाराम कुशवाहा, गजेंद्र कुशवाहा, देवेंद्र प्रजापति, मनोज गुप्ता, रामरूप खंगार, मीना भारती, विक्रम सिंह, मुदित शर्मा, रमन सिंह, वीरेंद्र वर्मा, हाशिम रहमान, रूपेश प्रजापति, गुड़ीराम अवस्थी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन मुन्नालाल कुशवाहा द्वारा किया गया। हिंदू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष राजेश गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और तलवार भेंट की।