बांदा। जुकाम-बुखार से पीड़ित युवक को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराकर उपचार कराया गया। वहां से लौटने पर घर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। पुत्र ने प्राइवेट डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के नेता नगर निवासी राहुल ने बताया कि उसके पिता अर्जुन सिंह वर्मा (45) जुकाम-बुखार से पीड़ित थे। हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन उन्हें शुक्रवार को दोपहर घर के पास स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम में ले गए थे। वहां डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लगाया और दो टैबलेट खिला दीं। इसके बाद उनकी छुट्टी कर दी।
बताया कि वह प्राइवेट नर्सिंग होम से देर शाम उसे लेकर घर पहुंचे। जैसे ही घर के दरवाजे पर पहुंचे, उन्होंने दम तोड़ दिया। पुत्र ने प्राइवेट डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि पिता राजमिस्त्री थे। घर में मां सरोज व दो भाई दो बहनें हैं।
बबेरू कोतवाल संजय द्विवेदी ने बताया कि परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।