बांदा। पैदल जा रहे दो लोगों को बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, बाइक सवार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के पछौंहा गांव निवासी कैलाशचंद्र (40) राजमिस्त्री का काम करता था। बुधवार की रात साथी देवदत्त (25) के साथ कमासिन से साधन न मिलने पर पैदल पछौंहा गांव जा रहे थे। पछौंहा गांव की रोड पर लक्ष्मीकांत महाविद्यालय के पास बाइक से आए तीन लोगों को रोकने का प्रयास किया। तेज रफ्तार बाइक सवारों ने दोनों को टक्कर मार दी और खुद भी अनियंत्रित होकर गिर गए। हादसे में कैलाशचंद्र, उसके साथी देवदत्त और बाइक सवार दीपक (25) गिरकर घायल हो गए।
रात में राहगीरों ने सभी को कमासिन पीएचसी पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने सभी रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया। रास्ते में कैलाशचंद्र की मौत हो गई। देवदत्त, दीपक व एक अन्य को कानपुर के लिए रेफर किया गया है। कैलाश के पिता देवीदयाल ने बताया कि दो भाइयों में बड़ा था। उसके पांच पुत्रियां एक पुत्र हैं। घर में पत्नी सुमैना हैं। पिता के पास डेढ़ बीघा जमीन है। कमासिन थानाध्यक्ष राजेश मौर्य ने बताया कि सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।