खप्टिहा कलां। दहेज के लिए ससुरालवालों ने महिला का गला दबाकर उसे मारने का प्रयास किया। विवाहिता की तहरीर पर देहात कोतवाली में पति, ससुर समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र करइहा गांव निवासी आशा ने कोतवाली देहात में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी तीन मार्च 2019 में अखिलेश के साथ हुई थी। शादी के बाद पति अखिलेश, ससुर सौखीलाल, सास रामसखी, देवर मिथलेश व ननद दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। उसका गला दबाकर और आग लगाकर हत्या का प्रयास भी किया गया। किसी तरह वह उनके चंगुल से मुक्त होकर अपने मायके पैलानी थाना क्षेत्र के मड़ौली खुर्द पहुंची। उसने कोतवाली में तहरीर दी लेकिन उसकी नहीं सुनी गई।
एसपी के आदेश पर देहात कोतवाली में पति-ससुर समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है। देहात कोतवाली प्रभारी जयचंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पांच लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। (संवाद)