बांदा। अनियमितताओं के आरोप में प्रभारी डीपीआरओ संजीव बघेल ने बिसंडा ब्लाक के ग्राम पंचायत मरौली के ग्राम पंचायत अधिकारी राममूरत को निलंबित कर दिया है। अनुशासनिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में कराए गए छह निर्माण कार्यों में लागत से अधिक का भुगतान कराया है।
मरौली के ग्रामीणों ने दो माह पहले जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि कालका देवी के पास खंडजा निर्माण में 60 फीसदी पुरानी ईंटों का प्रयोग कर 33,002 रुपये, ओरन रोड से रमाशंकर यादव के मकान तक खंड़जा मरम्मत में 70 फीसदी पुरानी ईंटों का प्रयोग कर 49,973 रुपये, प्राथमिक विद्यालय में मिट्टी पुराई कार्य में 18,947 रुपये का, संतोष वर्मा के मकान से सीसी रोड तक खंड़जा मरम्मत कार्य में 60 फीसदी पुरानी ईंटों का प्रयोग कर 46,922 रुपये का अधिक भुगतान किया कराया गया है।
इसी प्रकार बिसंडी लिंक रोड से पूव माध्यमिक विद्यालय तक सीसी रोड मरम्मत कार्य में 15,735 का, कालिका देवी से सचिवालय तक खंडजा निर्माण में 16,745 रुपये का अपव्यय किया गया है। मामले की जांच अपर जिला पंचायत राज अधिकारी का सौंपी गई। उन्होंने जांच में ग्रामीणों के आरोपों की पुष्टि करते हुए जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंपते हुए ग्राम पंचायत अधिकारी पर कार्रवाई की संस्तुति की थी।
जिलाधिकारी के आदेश पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अनुशासनिक कार्रवाई प्रस्तावित की है। आदेशों में कहा कि सचिव निलबंन अवधि में विकास खंड बिसंडा कार्यालय से संबंद्ध रहेंगे। जीवन निर्वाह के लिए वेतन की आधी धनराशि दी जाएगी।