अतर्रा। पीजी कॉलेज प्रबंध समिति अध्यक्ष/प्रबंधक डॉ. योगेंद्र सिंह ने छात्रावास (पुरुष) का निरीक्षण किया। भवन की जर्जर हालत व शौचालय की हालत देखकर आक्रोश जताते हुए छात्रावास अधीक्षक को पत्र लिखकर मरम्मतीकरण और 30 जून तक छात्रावास को खाली कराने के निर्देश दिए। उधर, छात्रावास खाली कराने के फरमान पर छात्रों ने कड़ा विरोध जताते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा है।
अमर उजाला में गुरुवार (2 जून) को छात्रावास के बदहाल शौचालय की खबर प्रकाशित होने के बाद अध्यक्ष ने निरीक्षण किया। उधर, छात्रावास खाली कराने का पत्र सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद छात्रों में आक्रोश है। छात्रों ने शुक्रवार को प्राचार्य डॉ. आरके दुबे को ज्ञापन देकर कहा कि छात्रावास में करीब 150 छात्र रह रहे हैं। अभी उनकी वार्षिक परीक्षाएं भी नहीं हुईं हैं।
ऐसे समय पर छात्रावास खाली कराने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। कुछ छात्रों ने 5 हजार रुपये फीस को वापस लेने की बात कही। प्राचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि छात्रावास अधीक्षक डॉ. पीके विश्वकर्मा से छात्रों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कहीं और शिफ्ट कराकर छात्रावास के जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
ज्ञापन देने में छात्र नेता अंकुर तिवारी, विवेक तिवारी, अभिषेक कुमार, अविनाश कुमार, नितिन, अमर प्रसाद, किशोर, अवधेश, बृजलाल पटेल, रवि नामदेव, रोहित द्विवेदी, अनूप पांडेय, मनीष यादव, सोनू कुमार आदि मौजूद रहे।