कार सवार असलहों से लैस बदमाशों ने युवक की बंदूक की बटों से पिटाई कर लूटपाट की। उसे अगवा करने की नीयत से कार में डालने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी>
कोतवाली क्षेत्र के पुकारी गांव निवासी राधेश्याम पुत्र बद्री प्रसाद पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी भाभी की तबियत खराब है। रात 2 बजे वह बाइक पर शहबाजपुर गांव झाड़-फूंक करने वाले बाबा को लेने जा रहा था। रंज नदी पुल पर मारुति वैन कार के पास 6 बदमाश खड़े दिखाई दिए।
इनमें तीन के हाथों में बंदूकें थीं। खतरा भांपकर उसने वापस लौटने की कोशिश की तो बदमाशों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और बाइक से गिराकर लात-घूसों और बंदूक की बटों से पीटा। उसका मोबाइल फोन और 1100 रुपये व घड़ी लूट ली.
उसने यह भी बताया कि बदमाश उसे घसीटकर कार में डालने की कोशिश कर रहे थे। हिम्मत जुटाकर उसने खेतों की ओर दौड़ लगाई और भाग निकला।
उसने एक बदमाश को पहचानने का दावा करते हुए तहरीर में लिखा है कि वह सीमावर्ती छतरपुर (मध्य प्रदेश) के बबीठा थाना क्षेत्र के मनिया गांव का रहने वाला है और शंकर बाजार में दोपहिया वाहन मरम्मत की दुकान किए है। उधर, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।