बांदा। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद्, लखनऊ द्वारा संचालित सेकेंडरी (मुंशी/मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम), कामिल एवं फाजिल परीक्षा वर्ष-2020 के लिए आनलाइन भरे जा रहे आवेदन पत्रों की सुस्त रफ्तार पर परिषद के रजिस्ट्रार/निरीक्षक ने असंतोष जताया है।
रजिस्ट्रार आरपी सिंह ने सभी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि मदरसा पोर्टल पर आनलाइन आवेदन की शुरुआत हुए 22 दिन बीत चुके है। प्रदेश के 70 जिलों के 618 मदरसों द्वारा अब तक मात्र 27 हजार 532 आवेदन ही भरे गए है। आनलाइन आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि समाप्त होने को दस दिन ही शेष हैं।
रजिस्ट्रार ने कहा है कि आलिया और उच्च आलिया मदरसों की संख्या प्रदेश में बहुत कम है। इससे प्रतीत होता है कि मदरसों के प्रधानाचार्य परीक्षा कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। यह स्थिति संतोषजनक नहीं है।
रजिस्ट्रार ने अल्पंसख्यक कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आनलाइन किए जा रहे आवेदनों की लॅाग इन पर नियमित समीक्षा करें। निर्धारित समय के अंदर आनलाइन आवेदन करवाएं।