नरैनी। क्षेत्र में गोवंशों को छोड़ा तो पशुपालक पर भी कार्रवाई होगी। एसडीएम ने बैठक में ऐसे पशु पालकों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गोशाला संचालकों को भी चेतावनी जारी की है कि क्षेत्र में यदि छुट्टा गोवंश मिलते हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
तहसील सभागार में गोवंशों को गोशाला में संरक्षित करने को लेकर एसडीएम विकास यादव ने महुआ व नरैनी ब्लॉक के समस्त ग्राम प्रधान व सचिवों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि गोशाला सुचारू रूप से संचालित कर गोवांशों को संरक्षित करें। सड़कों पर कोई भी अन्ना जानवर मिल तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत में जो पशुपालक अपने अन्ना पशु छोड़ देते हैं, ग्राम पंचायत द्वारा उनकी लिस्ट तैयार की जाएगी। सूची में ऐसे पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जो गोवंश गोशाला में संरक्षित हैं, उनको छोड़ा नहीं जाए। प्रत्येक गोशाला में केयरटेकर मौजूद रहें।
कोई गोवंश बीमार होता है तो फौरन इसकी सूचना सचिव व ग्राम प्रधान को दी जाए। बैठक में तहसीलदार लखन राजपूत, बीडीओ नरैनी प्रमोद कुमार, बीडीओ महुआ राजेश तिवारी, एडीओ आईएसबी योगेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत सुशील द्विवेदी आदि मौजूद रहे।