करतल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को पन्ना जिला जेल पहुंचकर विस्थापन आंदोलन से जुड़े किसान नेताओं, आदिवासी आंदोलनकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र की महत्वाकांक्षी केन-बेतवा लिंक परियोजना पर गंभीर सवाल उठाए। वहीं, आंदोलन के अगुवाकार समाजसेवी अमित भटनागर सहित सभी ग्रामीणों को अदालत से जमानत मिल गई है।
पटवारी ने कहा कि यह परियोजना भौतिक रूप से अव्यावहारिक है, जिससे हजारों पेड़ों की कटाई, दर्जनों गांवों का विस्थापन और पन्ना टाइगर रिजर्व को भारी पर्यावरणीय नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर आदिवासियों और गरीब ग्रामीणों की जमीन छीन रही है और प्रधानमंत्री के वादों का गला घोंट रही है। पटवारी ने आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी को लोकतंत्र के खिलाफ बताया।