अतर्रा (बांदा)। दिल्ली के आर्यानगर क्षेत्र में स्थित एक मकान के गेट की पेंटिंग कर रहे बांदा के मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उसका शव लेकर बांदा आए। यहां उसका पोस्टमार्टम कराया गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव तेंदुरा अंश बनाई पुरवा निवासी अनिल ने बताया कि उनका पड़ोसी ओमकार (26) एक सप्ताह पहले दिल्ली गया था। दिल्ली के आर्यानगर में रविवार को सुबह एक मकान के गेट में पेंटिंग का कार्य कर रहा था। वहां नजदीक में ही एक मजदूर हैमर मशीन से प्लास्टर तोड़ रहा था। जिससे मशीन का तार कटा होने के चलते गेट पर रख दिया गया था। इससे लोहे के गेट में करंट आने से पेंटिंग कर रहे मजदूर को करंट लग गया।
वहां काम कर रहे ओमकार के चचेरे भाई छोटू व बड़कू ने देखा और उसे निजी वाहन से वहां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने ओमकार को मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई निजी वाहन से शव लेकर बीते रविवार की देर रात घर पहुंचे। छोटू के मुताबिक भाई तीन भाइयों व चार बहनों में दूसरे नंबर का था। एक पुत्र पांच वर्षीय वंश है। घटना से पत्नी मंजू समेत सभी बेहाल हैं।
बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि दिल्ली में करंट की चपेट से युवक की मौत हुई है,परिजन द्वारा शव लाने के बाद सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।