बांदा। कोरोना संक्रमण की संभावित दूसरी लहर के मद्देनजर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती उपाय शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित 300 बेड वाले नवनिर्मित मंडलीय चिकित्सालय में एल-2 कोविड अस्पताल तैयार कर दिया गया है। इसमें कुल 65 बेड हैं। जरूरत पड़ने पर आईसीयू भी चालू किया जा सकता है।
सोमवार को डीएम आनंद कुमार सिंह ने नवनिर्मित मंडलीय चिकित्सालय भवन का भ्रमण कर निरीक्षण किया। उनके साथ सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा और सीएमएस डॉ. उदयभान सिंह भी थे। डीएम ने कार्यदायी संस्था के अभियंता के हवाले से बताया कि बेसमेंट, भूतल तथा प्रथम मंजिल का हस्तांतरण किया जा चुका है। बाकी मंजिल में टायल्स, बिजली, बाथरूम का काम बाकी है।
इसके लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। डीएम ने कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए कि शेष सभी काम दिसंबर से जनवरी के बीच हर हाल में पूरा करें। सब स्टेशन का काम भी इस दौरान पूरा किया जाए। डीएम ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी संभावित लहर के मद्देनजर इस नए अस्पताल को पूरी तरह तैयार किया गया है। भूतल में एल-2 कोविड अस्पताल बनाया गया है।
इसमें 40 आइसोलेशन बेड, 10 आईसीयू और 15 एचडीयू बेड हैं। स्टाफ तैनात कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर कभी भी यहां कोविड के मरीज भर्ती किए जा सकेंगे। फायर सेफ्टी की भी व्यवस्था है। डीएम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रथम तल में 100 बिस्तर का एल-1 चिकित्सालय भी तैयार किया जा सकता है। इस तल में सफाई आदि के निर्देश दिए गए हैं।
पॉजिटिव के संपर्क वाले एवरमेक्ट्रिन गोली खाएं
सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि दिल्ली से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे में उनकी कोरोना जांच हो रही है। अब तक 854 यात्री बसों से और 1113 यात्री ट्रेन से यहां आए हैं। सभी की जांच की गई है।
बस अड्डे और रेलवे स्टेशन में 2-2 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनका प्रोटोकाल के तहत उपचार कराया गया। सीएमओ ने नागरिकों से कहा है कि अभी ढिलाई न बरतें। मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें। बार-बार हाथ धोएं। भीड़भाड़ में जाने से बचें। घर के बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। यह भी कहा कि पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने पर एवरमेक्ट्रिन 12एमजी पहले दिन, सातवें दिन और 30वें दिन रात में खाने के दो घंटे बाद खाएं।
कोरोना के 11 मरीज और मिले
बांदा। सोमवार को जिले में कोरोना के 11 नए मरीज और मिले। इनमें छह महिलाएं हैं। शहर के सिविल लाइन और गूलरनाका (पानी की टंकी के पास) में 3-3 संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन महिलाएं हैं। इनके अलावा कालूकुआं में एक महिला, रामलीला मैदान (अलीगंज) में वृद्ध पुरुष, कालूकुआं तिंदवारी रोड में वृद्ध महिला और बंगालीपुरा में 28 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाए गए हैं।