बांदा। 69000 शिक्षकों की भर्ती और पशुपालन विभाग में कथित घोटालों के विरोध में सोमवार को कांग्रेसियों ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजे। मांग की गई कि घोटालों में लिप्त मंत्रियों की बर्खास्तगी कर उनके प्रतिनिधियों की गिरफ्तारी की जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को पांच सूत्री ज्ञापन भेजा है। सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में कहा कि शिक्षक भर्ती और पशुपालन विभाग में हुए घोटालों में भाजपा नेता शामिल हैं। मंत्रियों के प्रतिनिधियों के नाम भी उजागर हुए हैं।
आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े नेताओं और अफसरों को बचा रही है। यही लोग बार-बार भर्तियों में घोटाले करते हैं। मांग की कि विभागीय मंत्रियों की तत्काल बर्खास्तगी और उनके प्रतिनिधियों की तत्काल गिरफ्तारी कर पूरे प्रकरण की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से करवाई जाए। शिक्षक भर्ती में चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी के अलावा आरक्षित वर्ग के साथ नाइंसाफी की गई है।
कांग्रेस ने मांग की है कि पीडीएस, जूता-मोजा घोटाला, डीएचएलएफ आदि की भी न्यायिक जांच हो। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, शहर अध्यक्ष पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, पीसीसी सदस्य मुमताज अली, बी. लाल, शिवबली सिंह, देवेंद्र प्रताप, संतोष कुमार द्विवेदी, सैय्यद अल्तमश, सीमा खान, हफीज खां, आशुतोष द्विवेदी, आफताब मुस्तफा, कुणाल राजवीर, अब्दुल सईद, छेदीलाल धुरिया, इरफान खां, अयूब खां, रामप्रसाद प्रजापति इत्यादि शामिल हैं।