नरैनी। मुख्य चौराहे में सरेआम दिन-दहाड़े महिला के बैग के अंदर पड़ा सोने-चांदी के जेवरात और रुपयों से भरा टिफिन गायब हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़ित महिला से घटना के बारे में जांच पड़ताल की।
कोतवाली क्षेत्र के गंगापुरवा गांव की रहने वाली अभिलाषा देवी रविवार को दोपहर अपने बेटे हर्षित, बेटी प्रज्वली के साथ चित्रकूट जनपद स्थित आयूस ग्राम ट्रस्ट अपने पति ललित पाठक के पास जा रही थी। मुख्य चौराहे में आपे टैक्सी वाहन से उतरकर चित्रकूट जा रही प्राइवेट बस बाला जी ट्रैवल्स में जैसे ही ऊपर चढ़कर सीट में जाकर बैठी तो उसने तुरंत हैंडबैग में पड़ा जेवरात से भरा टिफिन का डिब्बा देखा। लेकिन टिफिन गायब मिला।
टिफिन गायब हो जाने पर महिला अवाक हो गई। बस से नीचे आकर जोर-जोर से रोने लगी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्च अनिल सिंह ने महिला से पूछताछ कर आसपास छानबीन की। कुछ जानकारी हासिल नहीं हुई। पीड़ित महिला ने बताया की बैग के अंदर मौजूद टिफिन के डिब्बे में 30 हजार रुपये नगद व आभूषण थे।जिनकी कीमत लगभग पांच लाख से ऊपर बताई जा रही है।मामले की लिखित सूचना पीड़ित महिला और उसके देवर हरिश्चंद्र पाठक ने कोतवाली जाकर दी। कस्बा इंचार्ज अनिल सिंह ने बताया की मुख्य चौराहे में लगे सीसीटीवी कैमरे के द्वारा घटना क्रम की जानकारी जुटाई जा रही है ।