बांदा। विद्युत उप केंद्र चंदवारा (जसपुरा) में तैनात जेई धर्मेंद्र कुमार नोटियाल को निलंबित कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता रविकांत ने यह कार्रवाई उपभोक्ताओं से अवैध वसूली के आरोप में की है। उन्हें निलंबन अवधि में एक्सईएन नगरीय कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, बांदा के अधीक्षण अभियंता रविकांत उपाध्याय ने बताया कि चंदवारा विद्युत उपकेंद्र में तैनात जेई को जसपुरा व कानाखेड़ा उपकेंद्र का भी अतिरिक्त चार्ज मिला था। उपभोक्ताओं से अनुचित धनराशि वसूलने का आडियो वायरल हुआ था। 10 उपभोक्ताओं से उन्होंने अपने निजी खाते में धनराशि डलवाई है, इसके साक्ष्य भी मिले हैं।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ने पत्र के जरिए जेई के निलंबन की संस्तुति भी की है। उन्होंने कहा कि उनका यह कृत्य कदाचार की श्रेणी में आता है। इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें अधिशासी अभियंता नगरीय वितरण खंड कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
किसान नेता ने की थी शिकायत
चंदवारा निवासी किसान नेता पुष्पेंद्र चुनाले ने बताया कि जेई धर्मेंद्र नोटियाल उपभोक्ताओं से लगातार वसूली कर रहे हैं। इसकी शिकायत साक्ष्यों के साथ अधिकारियों से की गई थी। बताया कि अब नए अवर अभियंता प्रवीण कुमार को यहां जिम्मेदारी दी गई है। एक साल के अंदर जसपुरा ब्लॉक में इसके पहले वाले जेई को अवैध वसूली में एंटी करप्शन टीम द्वारा जेई व संविदा लाइनमैन को जेल भेजा जा चुका है।