बांदा। फर्जी शिक्षिका अनामिका के चर्चित मामले में यहां भी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कार्यरत कर्मियों के अभिलेखों की सघन छानबीन और जांच-पड़ताल शुरू हो गई है। बुधवार को दूसरे दिन तक 61 शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारियों के अभिलेख जांचे गए। शेष 35 कर्मचारियों के अभिलेख गुरुवार को जांचे जाएंगे।
फर्जी दस्तावेजों के जरिये कई जनपदों के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में नौकरी करने वाली अनामिका के पकड़े जाने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यरत शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अभिलेखों की जांच के आदेश दिए थे। बेसिक शिक्षा विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने यहां भी यह जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को बबेरू और तिंदवारी विकास खंडों के अभिलेख देखे गए। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि अभिलेखों का मिलान उनके कार्यालय में जमा अभिलेखों से किया गया। सही पाए जाने पर पुन: विद्यालय में ड्यूटी करने का आदेश जारी किया गया। जांच टीम में जिला समन्वयक पवन कुमार, एबीएसए बड़ोखर, नरैनी आदि मौजूद रहे।