शहर में किराये के कमरे में रह रहे 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने छात्र का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है।
जसपुरा (बांदा) निवासी विपिन कुमार (17) पुत्र कामता प्रसाद यहां शहर में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज (अतर्रा चुंगी) में 12वीं का छात्र था। स्कूल के नजदीक ही एक किराये के कमरे में अकेले रह रहा था।
मंगलवार को सुबह कमरे के दरवाजे अंदर से बंद मिले। देर तक विपिन की कोई आहट न मिलने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो छत की सीलिंग पर बंधी रस्सी में उसका शव लटका मिला।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जसपुरा प्रतिनिधि के मुताबिक पिता कामता प्रसाद ने बताया कि सोमवार को शाम विपिन ने उससे फोन पर बात की थी। घर का हालचाल लिया। उसकी बातचीत से ऐसा कोई अनुमान नहीं लगा कि वह आत्महत्या कर सकता है। मृतक तीन भाइयों में छोटा था।
एक बहन भी है। पिता जसपुरा में शिशु मंदिर में अध्यापक हैं। पंचनामा भरने वाले अलीगंज चौकी प्रभारी ओपी द्विवेदी ने बताया कि आत्महत्या की है। कोई सुसाइड लेटर आदि नहीं मिला है।