बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के इंटर कॉलेज में सुस्त पड़ीं खेलकूद गतिविधियां एक बाद फिर से शुरू होंगी। मंडल के कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने खेलकूद गतिविधियां सुचारु रूप से शुरू कराने के लिए सभी डीआईओएस को निर्देश जारी करते हुए एक बारह सदस्यीय समिति का गठन भी किया है। यह समिति मंडल के सभी शहरी और ग्रामीण इंटर कॉलेजों में खेलकूद संपन्न कराएगी। कमिश्नर की पहल के बाद अब एक बार फिर से मंडल के इंटर कॉलेजों में खेलकूद गतिविधियां शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
चित्रकूटधाम मंडल की जब से नए कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने कमान संभाली है, तब से वो कुछ न कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं। कमिश्नर की ही पहल से पूरे मंडल के सभी जिलों में पुरातन छात्र सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है। अब कमिश्नर ने मंडल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पहल की है। कमिश्नर ने मंडल में सुस्त पड़ीं खेलकूद गतिविधियों में जान फूंकने के लिए नई पहल की है। मंडलायुक्त ने पूरे मंडल में खेलकूद गतिविधियां शुरू कराने और देखरेख करने के लिए 12 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
यह समिति मंडल के सभी शहरी और ग्रामीण इंटर कॉलेजों में खेलकूद कराएगी। बांदा में 11 इंटर कॉलेजों की सूची तैयार की गई है। जिनमें खेल मैदान की स्थिति को देखते हुए फुटबाल, हाकी, वालीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, कुश्ती के गेम होंगे। मंडलायुक्त ने मंडल के सभी इंटर कॉलेजों से खेल मैदानों की सूची और उनकी स्थिति तलब की है। प्रधानाचार्यों से मैदान की लंबाई-चौड़ाई इत्यादि और कौन-कौन से खेल हो सकते हैं का ब्योरा भी मांगा है। इस बाबत बांदा के डीआईओएस विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेजों की सूची तैयार कर ली गई है। यहां खेलकूद गतिविधियां शुरू कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
बांदा में चयनित कॉलेजों की सूची-
जीआईसी, जीजीआईसी, डीएवी इंटर कॉलेज, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, भागवत प्रसाद इंटर कालेज, सेंट जेवियर्स हाईस्कूल, विद्यावती निगम इंटर कॉलेज।
कोरोना संक्रमण काल से ठप हैं खेलकूद
बांदा। जनपद के एकलौते स्पोर्ट्स स्टेडियम में हाकी, फुटबाल, वालीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबाल और कबड्डी इत्यादि खेलों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा खेल मैदान राइफल क्लब ग्राउंड, जीआईसी, डीएवी, जेएन डिग्री कालेज ग्राउंड आदि में खेल होते रहते हैं। मार्च 2020 (कोरोना संक्रमण काल) से खेलकूद की गतिविधियां पूरी तरह से ठप थीं। (संवाद)
चयनित 11 कॉलेजों में खेल मैदान का दायरा
बांदा। जीआईसी में 5000 वर्ग मीटर, जीजीआईसी में 1000 वर्ग मीटर, डीएवी इंटर कॉलेज में 7150 व 2160 वर्ग मीटर, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में 1600 वर्ग मीटर, आर्यकन्या इंटर कॉलेज में 320 वर्ग मीटर, खानकाह इंटर कॉलेज में 1018 वर्ग मीटर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 2000 वर्ग मीटर, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 500 वर्ग मीटर, भागवत प्रसाद इंटर कॉलेज में 5000 वर्ग मीटर, सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में 4000 वर्ग मीटर, विद्यावती निगम इंटर कॉलेज में 6000 वर्ग मीटर के खेल मैदान होने की सूची जारी की है। खेल ग्राउंड का मानक न्यूनतम 300 वर्ग मीटर निर्धारित है। (संवाद)
अच्छी सोच के साथ खेलकूद शुरू कराने की पहल की गई है। डीएवी इंटर कॉलेज में दो मैदान हैं। 7150 वर्ग मीटर का बड़ा और 2160 वर्ग मीटर का छोटा ग्राउंड है। दोनों में खेलकूद शुरू कराने के लिए तैयारी की जा रही है। यहां फुटबाल, हाकी, वास्केटबाल और बैडमिंटन, कबड्डी के खेल कराए जाएंगे।
-डॉ.आनंद कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य, डीएवी इंटर कॉलेज, बांदा
खेलकूद न होने से छात्रों में रुचि कम हो रही थी। कमिश्नर की पहल पर नई ऊर्जा के साथ खेलकूद का संचालन कराने को तैयार हैं। खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों का स्वागत है। कॉलेज में तैयारी पूरी की जा रही है।
-मेजर मिथलेश कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, बांदा।
समिति में पदेन क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, पदेन जिला क्रीड़ाधिकारी, पदेन जिला युवा कल्याण अधिकारी, पदेन डीआईओएस, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय, सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी सबल सिंह, अधिवक्ता अशोक कुमार त्रिपाठी जीतू, पूर्व शिक्षक व खिलाड़ी शिव कुमार गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, प्रबंधक जेपी यादव, शिक्षक इंद्रवीर सिंह व राहुल शुक्ला हैं।
आठ कॉलेजों में खेल मैदानों की भेजी सूची
महोबा। खेलकूद की गतिविधियों में तेजी लाने के लिए चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर ने सभी जिलों से इंटर कॉलेजों में खेल मैदानों की सूची तलब की थी। जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह ने शहर के जीजीआईसी, सरस्वती विद्या मंदिर समेत आठ कॉलेजों में खेल मैदान होने की जानकारी भेजी है। साथ ही एक स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराकर वीडियो भी भेजा गया है। मंडल स्तर से अब अन्य कॉलेजों में खेल मैदानों की व्यवस्था के प्रयास किए जाएंगे, ताकि वार्षिक खेलकूद व अन्य प्रतियोगिताओं के आयोजन हो सके और प्रतिभाओं में निखार आ सके। (संवाद)
चित्रकूट में 73 कालेजों में शुरू होंगे खेलकूद
चित्रकूट। जिले के सभी 73 कालेजों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। मंडलायुक्त के आदेश पर गठित टीम ने कई कालेजों का निरीक्षण भी किया। सभी जगह खेल मैदान व्यवस्थित होने और प्रतिदिन खेल गतिविधियों के संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस बलिराज राम ने बताया कि शुक्रवार को नगर क्षेत्र के कालेजों में प्रधानाचार्य द्वारा निर्मित कराए गए खेल कोर्टों का निरीक्षण क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी, वह खुद और अवधेश सिंह ने जेएम बालिका इंटर कालेज, श्रीगंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कालेज, जीजीआईसी में निर्मित कोर्टों का निरीक्षण किया गया। जिले में अभी नगरीय क्षेत्र के सभी कालेजों में समिति गठित कर नौ मार्च को अभियान की शुरुआत होगी। (संवाद)
छह इंटर कालेजों में शुरू होंगे खेलकूद
हमीरपुर। डीआईओएस श्याम सरोज वर्मा ने बताया कि जिले के छह इंटर कालेजों में खेलकूद कराने के लिए पत्र भेजा गया है। शहर के जीजीआईसी, जीआईसी, श्रीविद्या मंदिर इंटर कालेज, इस्लामियां इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, सरदार पटेल इंटर कालेज के नाम हैं। डीआईओएस ने कहा कि जल्द ही इंटर कालेजों में खेल शुरू कराए जाएंगे। छात्रों को शिक्षा के साथ शारीरिक व्यायाम भी सिखाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शासन के आदेश पर सूची बनाकर कमिश्नर को भेजी गई है। (संवाद)
खेलों के लिए 40 मैदान बनाए जाएंगे
उरई (जालौन)। जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल का कहना है कि पढ़ाई की तरह छात्र-छात्राओं के लिए शारीरिक विकास भी बेहद जरूरी है। इसके लिए खेलकूद अनिवार्य है। शासन की इसी मंशा को पूरा करने के लिए बेसिक और माध्यमिक स्कूलों के 40 खेल के मैदानों को विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। छोटे मैदानों पर कबड्डी, खो-खो आदि खेल कराए जाएंगे, जबकि बड़े मैदान क्रिकेट, फुटबाल और हाकी आदि खेलों के लिए तैयार किए जाएंगे। जल्द ही प्रशासन के बड़े अफसरों के साथ बैठक कर मैदानों की दशा सुधारने का काम भी शुरू कराया जाएगा। (संवाद)