बांदा। हनुमंत कथा के करीब 10 दिन बाद एक बार फिर से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर दोबारा आए। शुक्रवार को वह खुरहंड स्टेशन के करीब सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास पर आयोजित सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए और हिंदुओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मुसलमानों को गाली देने से नहीं बल्कि हिंदुओं को अपनी कुरीतियां सुधारनी चाहिए। इससे जल्द ही भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रवचन में जीवन में संतुष्टि को परम सुख बताया। उन्होंने कहा कि परमात्मा तक पहुंचने के लिए आचरण ही मार्ग है। उन्होंने भगवान से वस्तुएं मांगने के बजाय भगवान को ही मांगने की प्रेरणा दी और उन पर अटूट विश्वास रखने का आग्रह किया। उन्होंने मंच से ही सभी श्रद्धालुओं को आगामी 15 फरवरी को बागेश्वर धाम में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए लोगों को लाभांवित किया।
मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर स्थित खुरहंड स्टेशन में दो अलग-अलग पंडालों में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमान चालीसा पाठ के साथ श्रद्धालुओं की अर्जी लगाई। कहा कि जीवन में सुखी रहने के लिए क्षमा को अंगीकार करना चाहिए। कहा कि क्षमा करना और मांगना दोनों ही सीख गए तो किसी दरबार में अर्जी लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सनातन की कमियों को दूर करने की नसीहत देते हुए जात-पात की करो विदाई-हम सब हिंदू भाई-भाई का नारा बुलंद किया। कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए एक-एक व्यक्ति को हनुमान जी बनना पड़ेगा।
बागेश्वर धाम सरकार ने खुरहंड निवासी दो बालकों को मंच पर बुलाकर दुलार किया और उसके साथ विनोद करते हुए अपने अंदाज में कहा कि ठठरी के बरे हमाओ चेला बन जा। वहीं भीड़ में बैठे एक बुजुर्ग को भी मंच पर बुलवाया और उन्हें अपने बगल के सोफे पर बैठाया। इसके बाद उन्होंने सभी हनुमान चालीसा पाठ के साथ सामूहिक अर्जी लगवाई और बालाजी सरकार की कृपा प्रदान कराई। इसके पहले वह खुरहंड स्टेशन स्थित कैलाशेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की।
यहां उन्होंने कैलाशेश्वर महादेव का विधिवत रुद्राभिषेक करके रुद्रावतार हनुमान जी की आराधना की। इसके बाद वह दूसरे पंडाल पहुंचे, जहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को संबोधित किया और उन्हें सुखी जीवन जीने का मंत्र समझाया। बागेश्वर धाम सरकार ने सभी श्रद्धालुओं को मंच से ही 15 फरवरी को आयोजित होने तीन सौ कन्याओं के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उनके पहले कार्यक्रम को अयोध्या धाम स्थित हनुमान गढ़ी के महंत राजूदास महराज ने श्रद्धालुओं काे संबोधित करते हुए उन्हें एकजुट होकर हिंदू राष्ट्र बनाने के कार्य में बागेश्वर धाम सरकार का सहयोगी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुरसेजा धाम के महंत परमेश्वरदास, नागा बाबा आश्रम के चेतन ब्रह्मचारी, कबीर आश्रम भरखरी के महंत समेत बड़ी संख्या में साधु संत मंचासीन रहे।