उत्तर मध्य रेल महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक का संयुक्त निरीक्षण रस्म अदायगी में निपट गया। निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों को खामियां नजर नहीं आईं। एक घंटे बाद जीएम और डीआरएम विशेष ट्रेन से महोबा के लिए रवाना हो गए।
मंगलवार को दोपहर महाप्रबंधक एके सक्सेना और डीआरएम (झांसी) एके अग्रवाल विशेष ट्रेन से बांदा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए। स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा समेत स्थानीय रेल अधिकारियों ने उनकी अगुवानी की। दोनों अधिकारियों ने प्लेटफार्म नंबर दो से निरीक्षण की शुरुआत की।
फुटओवर ब्रिज से होते हुए प्लेटफार्म नंबर एक का निरीक्षण करते हुए माल गोदाम प्लेटफार्म पर पहुंचे। रेलवे ठेकेदार ने जलभराव से सड़क ध्वस्त होने की शिकायत बताई। जीएम व डीआरएम ने स्थानीय निर्माण खंड के अभियंताओं से बातचीत करते हुए मरम्मत के निर्देश दिए।
रनिंग रूम के निरीक्षण में भी रेल अधिकारियों को कहीं खामी नजर नहीं आई। बाद में रेलवे स्टेशन के अतिथि कक्ष में पत्रकारों के सवाल पर जीएम ने कहा कि बांदा अच्छा स्टेशन है। जल्द ही यात्रियों को नई सुविधाएं दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी को मानिकपुर तक बढ़ाए जाने के सवाल पर जीएम ने कहा कि यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड में लंबित है। मानिकपुर तक बढ़ाने पर बोर्ड जल्द ही विचार करेगा।
एसएस को लगाई फटकार
उत्तर मध्य रेल जीएम और डीआरएम ने कुछ देर रुक कर स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। सिग्नल पैनल और प्लेटफार्म में गंदगी मिलने पर जीएम ने स्टेशन प्रबंधक मुशर्रफ अली को फटकार लगाई। उन्होंने सिग्नल पैनलों की सफाई के निर्देश दिए।
कंट्रोल पैनल में आग से हड़कंप
निरीक्षण के दौरान ओवरब्रिज के नीचे इलेक्ट्रानिक कंट्रोल पैनल में आग गई। प्लेटफार्म नंबर-2 में धुआं छा गया। इससे रेलवे अधिकारी सकते में आ गए। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्र मंगवाकर आग बुझाई। जीएम और डीआरएम के जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
व्यापारियों व रेल कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष मोहन साहू की अगुवाई में व्यापारियों ने महाप्रबंधक को ज्ञापन देकर जहीर क्लब मैदान से रेलवे अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग की। कहा कि तत्कालीन डीएम जीएस नवीन कुमार ने जहीर क्लब से 30 फीट चौड़ा रास्ता देने की संस्तुति की थी।
इसके बावजूद रेलवे यह अंडरब्रिज क्योटरा रेलवे क्रासिंग के और आगे बनाने जा रहा है। इससे जनता को कोई सहूलियत नहीं मिलेगी। अनावश्यक चक्कर लगाना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में तरुण साहू, केदारनाथ अग्रवाल, शंकर गुप्ता, सुनील चौरसिया, प्रदीप कुमार गुप्ता, विष्णु प्रताप, वीरेंद्र कुमार सिंह, अंसार अहमद सिद्दीकी आदि शामिल रहे।
उधर, उत्तर मध्य रेल मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) के श्यामेंद्र गुप्त व जितेंद्र वर्मा ने जीएम व डीआरएम को संयुक्त रूप से ज्ञापन देकर लोको कालोनी में पेयजल संकट की समस्या बताई। साथ ही कर्मचारियों को सुविधाएं बढ़ाए जाने की मांग की।