बबेरू (बांदा) । कोहरे में मोड़ पर बेकाबू कार खंती में गिरकर पलट गई। इससे उसमें सवार चालक की मौत हो गई। चालक रायबरेली से चित्रकूट दर्शन करने जा रहा था।
रायबरेली जिले के खेरू थाना क्षेत्र के सेवनपुर गांव निवासी दिलीप कुमार गुप्ता (45) मंगलवार को चित्रकूट दर्शन जा रहे थे। रात करीब 10 बजे बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कोर्रम मोड़ पर धुंध की वजह से कार बेकाबू होकर खंती में पलट गई। दिलीप की कार से दबकर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में दबे शव को निकाला। दिलीप के पास से मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों को जानकारी दी।
पोस्टमार्टम हाउस में आए भतीजे अतुल गुप्ता ने बताया कि दिलीप के होटल हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। घर से अकेले कार लेकर चित्रकूट दर्शन करने के लिए निकले थे। घर में पत्नी रानी देवी और दो पुत्र हैं। उनके छोटे भाई की वर्ष 2018 में बीमारी से मौत हो चुकी है। बबेरू कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि मोड़ में धुंध होने की वजह से हादसा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।