हरियाणा में आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में दृष्टिबाधित तीन छात्रों ने पदक हासिल कर शहर और प्रदेश की शान बढ़ा दी। विजेता छात्रों को बधाई देने की होड़ है। डीआईओएस ने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप को जनपद का मतदाता ‘आईकान’ घोषित किया।
गुड़गांव (हरियाणा) में 14 से 18 जनवरी तक राष्ट्रीय दृष्टिबाधित एवं मूकबधिर जूडो प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कालेज, महोखर के आठ छात्रों ने इसमें प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में रामभरोसा (कक्षा-11) ने स्वर्ण व यशवंत कुमार (कक्षा-12) ने रजत पदक जीता।
सीनियर वर्ग में कुलदीप कुमार (कक्षा-12) ने कांस्य पदक हासिल किया। इनके अलावा सुरेश रैदास, लालमन, दिलीप कुमार, मोनूलाल व उमेश कुमार का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। गुरुवार को वापस आने पर कालेज में प्रतिभागी छात्रों का भव्य स्वागत हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक हिफजुर्रहमान व विकलांग कल्याण अधिकारी ने छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताई और शाबासी दी।
प्रधानाचार्य रामलाल बताया कि छात्रों के प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए उप जिलाधिकारी सदर प्रहलाद सिंह ने 10 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया था। खेल समिति अध्यक्ष जितेंद्र कुमार (प्रवक्ता) व एथलेटिक्स कोच आलोक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप को मतदाता जागरुकता के लिए मतदाता ‘आईकान’ घोषित किया गया। कुशल सिंह यादव, रवींद्र कुमार, विनय कुमार, अश्वनी कुमार, प्रदीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।