बांदा। कोरोना वायरस से बचाव के लिए बताए गए परहेज में यह भी शामिल है कि कच्ची सब्जी, दूध का पैकेट आदि छूने के बाद फौरन हाथ धोएं। इसके अलावा डोरवेल, कूड़ादान, दरवाजे के हैंडिल, नोट (करेंसी) और सिक्के छुएं तो भी फौरन हाथों को सैनिटाइज करें।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एनके सिन्हा ने कहा है कि कोरोना वायरस से बचने के लिए सावधानी ही उपाय है। उन्होंने कहा कि घर में आई कच्ची सब्जी और फल को नंगे हाथों से न छुएं। ग्लब्स पहनकर सब्जी लें और इसके फौरन बाद धोएं। नंगे हाथों में सब्जी ले रहे हैं तो फौरन हाथों को सैनिटाइज करें। बताया कि विशेषज्ञों के अनुसार सब्जी से भी संक्रमण हो सकता है।
दूध लेने जाते वक्त झोला ले जाएं। नंगे हाथों से इसे न पकड़ें। मजबूरी में पकड़ना पड़े तो घर आते ही हाथ धोएं। कार के दरवाजे, बगीचे के फूल, जूते-चप्पल आदि छूने के बाद भी हाथ धोना चाहिए। छींक या खांसी आने पर फौरन साबुन से हाथ धोएं। उन्होंने कहा कि बच्चों और बूढ़ों के लिए यह वायरस बहुत नुकसानदेह है। खांसी या बुखार अथवा सांस में तकलीफ होने पर फौरन अस्पताल में दिखाएं। डॉ. सिन्हा ने कहा कि डायबिटीज और ब्लड प्रेशर वाले मरीज अपनी दवाएं खाते रहें। डाक्टर के संपर्क में रहें।