बांदा। मई माह में जिले में संचालित 10 खनन पट्टों की जांच की गई जहां अवैध खनन व परिवहन पाया गया। सभी खनन पट्टों पर जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद जुर्माने की कार्रवाई की गई। अवैध खनन मिलने पर करीब आठ करोड़ रुपये का जुर्माना और 132 वाहनों पर कार्रवाई हुई है।
यह जानकारी देते हुए खनिज अधिकारी राज रंजन ने बताया कि वाहनों के विरुद्ध हुई कार्रवाई से करीब 32 लाख रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई है। उन्होंने बताया कि चरका खादर खंड संख्या एक पर 10,371 घन मीटर अवैध मौरंग खनन पाया गया। इस पर करीब एक करोड़ 18 लाख के राजस्व की क्षति पाई गई। खंड संख्या 10 में 3316 घन मीटर अवैध खनन मिला जिसमें 38 लाख का जुर्माना लगाया गया।
बदौसा में संचालित पट्टे में अनियमितता मिलने पर पांच लाख रुपये, दुरेडी में पांच लाख रुपये, खप्टिहा कलां के खंड संख्या दो में 21 लाख 60 हजार, दादौं खादर में सवा पांच लाख, मर्का खादर खंड संख्या तीन में 25 लाख, मर्का खादर खंड संख्या चार में 36 लाख, मरौली खादर खंड संख्या छह में चार करोड़ 46 लाख, साड़ी खाद खंड संख्या छह में एक करोड़ तीन लाख का राजस्व का नुकसान पाया गया है। सभी पट्टाधारकों को नोटिस जारी किय गया है।