खदान में वाहन में वीटीएस लगाते कर्मी। स्रोत- खनिज विभाग
बांदा। खनिज के परिवहन में लगे वाहनों को रायल्टी नहीं मिली तो उन्होंने अपने वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) लगवाना शुरू कर दिया है। पहले दिन बुधवार को 300 वाहनों में वीटीएस लगाए गए हैं। वीटीएस लगाने के लिए कंपनी के 40 कर्मी खनिज विभाग को मिले हैं। यह कर्मी खदानों में जाकर वाहनों में वीटीएस लगा रहे हैं।
खनिज के अवैध परिवहन को रोकने और गाड़ी ने कितने चक्कर लगाए, कहां-कहां गईं, किस खदान से मौरंग लोड की आदि प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए खनिज विभाग ने जिले में संचालित खदानों में परिवहन करने वाले ट्रकों के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) लगवाना शुरू कर दिया है। जिला खनिज अधिकारी राज रंजन ने बताया कि खदानों में मौरंग परिवहन में लगे ट्रको में अब वीटीएस लगाया जा रहा है।
इन वीटीएस के लगने से चेकिंग के दौरान अधिकारियों को यह पता चल जाएगा कि ट्रक ने किस खदान से मौरंग को लोड किया, वह कहां-कहां गई। उसने कितने चक्कर लगाए। इसका पूरा डाटा निकलकर आ जाएगा। इससे ट्रक अवैध परिवहन नहीं कर पाएंगे। मंगलवार को बिना वीटीएस के रायल्टी देने से मना करने पर बुधवार को पहले दिन खदानों में तकरीबन 300 वाहनों ने वीटीएस लगवा लिया है। 700 वीटीएस और लगने हैं।