बांदा। ई-केवाईसी न कराने वाले राशन कार्डधारकों को अप्रैल का राशन नहीं मिलेगा। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में दो लाख 99 हजार राशन कार्डों में नौ लाख से अधिक यूनिटों की केवाईसी नहीं हुई है। ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 31 मार्च है। ई केवाईसी न कराने पर करीब एक हजार राशनकार्ड निरस्त हो सकते हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा राशन कार्डों में फर्जी यूनिटों को हटाने के लिए केवाईसी के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है। चित्रकूटधाम मंडल में 10 लाख से अधिक राशन कार्डों पर 38 लाख 78 हजार 110 यूनिट यानी परिवारे के सदस्य हैं। प्रत्येक सदस्य को सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से पांच किलो मुफ्त खाद्यान्न दे रही है।
मंडल में राशन दुकानदारों के माध्यम से अभियान के तहत ई-केवाईसी कराया जा रहा है, लेकिन विभाग के तमाम प्रयासों के बाद भी ई-केवाईसी की प्रगति 76 फीसदी से अधिक नहीं पहुंच रही है। विभाग का कहना है कि 31 मार्च तक ई-केवाईसी न कराने पर एक हजार राशन कार्ड निरस्त हो सकते हैं। इनके स्थान पर अन्य गरीब पात्रों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे और उनके यूनिट चढ़ेंगे।
चित्रकूटधाम मंडल में केवाईसी कराने वाले सदस्य
जनपद यूनिट केवाईसी अवशेष
हमीरपुर 934104 774225 159879
बांदा 1365300 1022183 343117
महोबा 743494 544166 199328
चित्रकूट 835112 623507 211605
मार्च से चावल की जगह मिलेगा ज्वार
श्रीअन्न योजना के माध्यम से अब राशन की दुकानों में पांच माह से चावल के स्थान पर प्रत्येक अंत्योदय कार्ड धारकों को पांच किलो ज्वार व पात्र गृहस्थी के कार्ड धारकों को पांच किलो बाजरा दिया जाएगा।
वर्जन-
ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। इसके बाद यूनिटों को निरस्त कर दिया जाएगा। इनके स्थान पर विधवा, मनरेगा मजदूर, दिव्यांग, तलाकशुदा महिलाओं को तवज्जो दिया जाएगा। -उबैदुर्रहमान, प्रभारी खाद्य उपायुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा।