बांदा। कमासिन थाने के एसआई द्वारा अधिवक्ता से अभद्रता और उनके पुत्र से की गई मारपीट के विरोध में जिला अधिवक्ता संघ बैनर तले वकीलों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और ज्ञापन दिया।
कहा कि अधिवक्ता समुदाय के लिए असभ्य भाषा का प्रयोग करने पर वकीलों में रोष है। तत्काल एसआई को निलंबित करने की मांग की। मंगलवार को संघ अध्यक्ष एजाज अहमद के नेतृत्व में अधिवक्ता एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्हें सौंपे ज्ञापन में कहा कि कमासिन थाने के एसआई ने खमरखा गांव के अधिवक्ता रामसहाय साहू के साथ अभद्रता की। उनके पुत्र अनुराग के साथ मारपीट की गई।
डिग्री दिखाने पर असभ्य भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने एसपी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता आंदोलन के लिए विवश होंगे। महासचिव सत्यदेव त्रिपाठी समेत तमाम अधिवक्ता उपस्थित रहे।