- कोतवाली परिसर के सीसीटीवी कैमरों में देखे जा रहे अराजकतत्व
- प्रारंभिक जांच में माना जा रहा पेड़ की डाल टूटने से टूटी प्रतिमाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा (बांदा)। कोतवाली अतर्रा परिसर में स्थापित हनुमान जी की दो प्रतिमाएं और शिवलिंग मंगलवार देर रात अराजकतत्वों ने खंडित कर दिया। तीसरी प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। बुधवार सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने खंडित प्रतिमाएं देख नाराजगी जाहिर की। कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
कोतवाली बाउंड्री के अंदर बने चबूतरे पर हनुमान जी की तीन प्रतिमाएं और शिवलिंग स्थापित हैं। मंगलवार रात किसी ने दो प्रतिमाओं और शिवलिंग तोड़ दिया। खंडित प्रतिमाओं के अवशेष चबूतरे से करीब 25 फीट दूर फेंके मिले। तीसरी प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त मिली। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अनुष्ठान के लिए पहुंचे पंडित नवल किशोर बाजपेई, बिटोला गुप्ता, राजकुमार गुप्ता और नवनीत शिवहरे समेत अन्य श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच की। श्रद्धालुओं ने खंडित प्रतिमाओं को बदौसा स्थित बागे नदी में विसर्जित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। प्रथम दृष्टया पेड़ की डाल टूटने से प्रतिमाएं खंडित होना माना जा रहा है।
-
थाने की सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखा। लोगों ने कहा कि कोतवाली परिसर के अंदर इस तरह का दुस्साहस करना बहुत ही निंदनीय है। घटना के बाद कोतवाली परिसर में तैनात कर्मचारियों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
महज 25 मीटर दूर हुई घटना
कोतवाली से महज 25 मीटर की दूरी पर प्रतिमाएं स्थापित हैं। यहां से आरती और घंटियों की आवाज अंदर तक सुनाई देती है। ऐसे में तीनों प्रतिमाएं खंडित होने पर आखिर कैसे पुलिसकर्मियों को आवाज नहीं आई। इस पर लोग कई तरह के सवाल कर रहे हैं।
-
सीओ अर्तरा कर रहे जांच
घटना की संवेदनशीलता देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सीओ अर्तरा को जांच दी है। उन्होंने थाना प्रभारी, दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों से जानकारी हासिल की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी दिखवाई जा रही है।