7 जनवरी तक देनी होगी रिपोर्ट, 8 जनवरी को होगी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। अतर्रा क्षेत्र में एक महिला की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिलाधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने 7 जनवरी 2027 तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 8 जनवरी को निर्धारित की गई है।
दिल्ली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा राजपूत ने इस मामले में आयोग से शिकायत की थी। इसके आधार पर आयोग ने 27 अक्टूबर को जिलाधिकारी को नोटिस जारी किया।
शिकायत के मुताबिक, अतर्रा क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी राधा को 19 अक्तूबर 2026 को सीएचसी अतर्रा लाया गया था। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने महिला को मिले उपचार पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, चिकित्सकीय लापरवाही या ड्यूटी में चूक की आशंका की जांच कराने का अनुरोध किया है।
आयोग ने जिला प्रशासन को घटना से जुड़े तथ्यों और चिकित्सा अभिलेखों की जांच कर निर्धारित समय में रिपोर्ट देने को कहा है। जांच में ही स्पष्ट होगा कि उपचार में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं। रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि आयोग ने जांच रिपोर्ट मांगी है तो उसे तैयार कर भेज दिया जाएगा।