बांदा। महंगाई के बोझ से आशियाना बनाना महंगा हो गया है। छह माह में सीमेंट, ईंट, सरिया, बालू, गिट्टी के दामों में 30 फीसदी तक इजाफा हुआ है। ठेकेदारी और मजदूरी भी बढ़ी है।
सरिया के दामों में एक हजार रुपये क्विंटल, सीमेंट में 50 रुपये बोरी, अव्वल दर्जे की ईंट में 600 रुपये प्रति हजार की वृद्धि हुई है। दामों में इतना उछाल कभी नहीं देखा गया। बिल्डिंग मैटीरियल विक्रेता रामबहोरी (कालूकुआं, बांदा) का कहना है कि सरिया में 200 से 300, सीमेंट में 8 से 10 रुपये और ईंट में 100 से 200 रुपये तक बढ़ोत्तरी होती रही है। अबकी पहली बार दामों में 30 फीसदी से अधिक दाम बढ़े हैं। ठेकेदार, कारीगर व मजदूरों ने भी 25 फीसदी तक रेट बढ़ा दिए हैं।
ऐसे में भवन निर्माण में काफी गिरावट आई है। अत्यधिक संपन्न लोग ही निर्माण करा रहे हैं। मध्यम वर्ग ने फिलहाल खुद का मकान निर्माण कराने के मंसूबे को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
लोहे की सरिया के दाम (क्विंटल में)
-------------------
पहले(रुपये) अब (रुपये)
--------------------------------
ब्रांडेड सरिया 7500-7600 8000-8100
सामान्य सरिया 6300-6400 7300-7400
सीमेंट बोरी 330-380 370-410
र्इंट नंबर-1 6200-6300 7200-7300
गिट्टी 50 रुपये फीट 60 रुपये फीट
800-1000 हजार में मिलता है कारीगर
कारीगर छह माह पहले 600-700 रुपये में रोज में काम करते थे। अब वह 800-1000 तक ले रहे हैं। इसी प्रकार बेलदार 450 रोज के स्थान पर 550 व मजदूर 500 रुपये रोज ले रहे हैं। मकान निर्माण कराने वाले ठेकेदारों ने भी दाम बढ़ा दिए। ठेकेदार मुन्नू का कहना है कि जो मकान पहले पांच लाख में तैयार होता था वह अब 6.50 लाख में तैयार हो रहा है।