फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एचटी लाइन में पाइप टकराने से तीन मजदूर झुलसे

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। निर्माणाधीन मकान में बोरिंग करते समय पाइप हाईटेंशन लाइन के स्पर्श में आ जाने से रविवार को हाई वोल्टेज करंट से तीन मजदूर झुलस गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन

मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ में बेनीलाल के निर्माणाधीन मकान में बोरिंग का काम चल रहा है। थाना क्षेत्र के करछा गांव के कारीगर बोरिंग का काम कर रहे थे। रविवार को दोपहर बोरिंग में लोहे का पाइप डालते समय ऊपर से गुजरी 33 केवी हाईटेंशन लाइन से पाइप टकरा गया। पाइप डाल रहे बाबूराम का बेटा महेंद्र (22), जगदेव का बेटा जगभान (18) और विंद प्रसाद का बेटा नीलू (18) करंट से पाइप में चिपक गए। अन्य मजदूरों ने लकड़ी से उन्हें पाइप से अलग किया। एंबुलेंस बुलाकर तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। महेंद्र कुमार की हालत गंभीर है। जिला अस्पताल के डॉक्टर अभिषेक का कहना है कि महेंद्र 40 फीसदी झुलस गया है, जबकि अन्य मजदूर 20 फीसदी झुलसे हैं।
पहले भी जर्जर लाइनों से हुईं हैं मौतें
बांदा। नवंबर माह में क्योटरा मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान की स्लैब डालते समय लोहे की सरिया हाईटेंशन लाइन में स्पर्श हो जाने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। अक्तूबर में बबेरू में हाईटेंशन लाइन के ट्रक में टूटकर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो चुकी है। सितंबर में शहर के मढ़िया नाका में मकान की पुताई करते समय करंट से नीचे गिरकर मजदूर की मौत हो गई थी। इसी प्रकार बिसंडा के नाई में खेतों में पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई थी। (संवाद)
विज्ञापन

इंसेट---
जिले भर में जर्जर हैं एचटी लाइनें
बांदा। विद्युत विभाग की हाईटेंशन लाइनें जगह-जगह जर्जर और लटक रही हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले दिनों डीएम ने ढीले तारों को कसवाए जाने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। दैवी आपदा प्रभारी एडीएम संतोष कुमार सिंह का कहना है कि विद्युत लाइन टूटने से होने वाली मौत पर मुआवजे की व्यवस्था है। यदि कोई पाइप, सरिया तार में स्पर्श होती है और मजदूर की मौत होती है तो उसमें मुआवजे की कोई व्यवस्था नहीं है। (संवाद)
इंसेट---
मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत
तिंदवारी/चिल्ला। मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव निवासी शिवकरन (50) की शनिवार की रात अचानक संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के समय घर में बूढ़ी मां थी। सुबह मां ने बेटे को मृत देखा तो आसपास के लोगों को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के दो बेटे व तीन बेटियां हैं। पुत्र रामबली ने बताया कि पिता शराब पीने का आदी था। आरोप लगाया कि घटना के दिन गांव के एक व्यक्ति ने शराब के साथ जहरीला पदार्थ पिला दिया। घर आते ही खून की पलटी हुई और मौत हो गई। मृतक मजदूरी करता था। थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें