बांदा। समाचार पत्र वितरकों ने राज्य सरकार से कल्याणकारी योजनाएं और सुविधाएं लागू कराने के लिए विधायकों की मदद मांगी है। इसके लिए सामूहिक हस्ताक्षरों से विधायकों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। सोमवार को विधायक बृजेश प्रजापति को महेश कुमार प्रजापति, अंकित विश्वकर्मा, अखिलेश शुक्ला, मयंक आदि ने ज्ञापन सौंपा।
कहा कि हर मौसम में घर-घर अखबार पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरकों के लिए राज्य सरकार ने कोई कल्याणकारी योजना नहीं दी है। मांग की कि विस के आगामी सत्र में उनकी 12 सूत्री मांगों का मुद्दा उठाए। मांगों में रियायती दर में आवासीय प्लाट, बीपीएल कार्ड, 60 वर्ष से ऊपर वालों को 5 हजार मासिक पेंशन, बच्चों को छात्रवृत्ति, आयुष्मान कार्ड, शादी अनुदान, सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा आदि की मांगें शामिल हैं। (संवाद)
-------------------
फोटो परिचय-16-आचार्य राजेश महाराज
वसंत पंचमी आज, कल, परीक्षार्थी करें मंत्र जप
बांदा। ऋ तुओं का राजा वसंत मंगलवार को मनाया जाएगा। इसे माघ मास शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को वसंत या सरस्वती पंचमी भी कहते हैं। सरस्वती आराधना से बुद्धि की निर्मलता और विद्या की प्राप्ति होती है। मंगलवार को तड़के 4 बजकर 44 मिनट से पंचमी तिथि शुरू हो जाएगी। अगले दिन 17 फरवरी को भी पूरा दिन रहेगी।
ज्योतिषाचार्य आचार्य राजेश महाराज ने बताया कि प्रात: 10:54 बजे से 12:21 बजे और इसके तुरंत बाद दोपहर से 13:47 बजे तक सरस्वती की आराधना उपासकों और विद्या अर्जन करने वालों को फलदायी होगी। आचार्य ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी एें हीं सरस्वत्यै नम: मंत्र का लेखन व जप करें। सरस्वती ध्यान मंत्र में सफेद पुष्प हाथ में लेकर भगवती सरस्वती का ध्यान मंत्र के साथ करें। पूजन विधि में बताया कि चौकी में रखी सरस्वती प्रतिमा में पीले रंग का वस्त्र अर्पित करें। मां शारदा को सफेद रंग के पुष्प, पीली मिठाई और अक्षत, रोली चंदन, हल्दी तथा केसर आदि का तिलक करें। संगीत आदि वाद्ययंत्र एवं किताबों पर पुष्पादि अर्पित करें और शारदा की वंदना करें। बताया कि वसंत को ऋतु राज कहा गया है।