हाइवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइकिल सवार वृद्ध किसान को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बवाल से बचने के लिए आनन-फानन शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। खुरहंड कस्बा निवासी शिवभजन शुक्ला (55) बुधवार को दोपहर साइकिल से बाजार कर घर लौट रहा था। तभी अतर्रा जा रही रोडवेज बस ने उससे टक्कर मार दी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उधर, चालक ने खुरहंड चौकी पर बस खड़ी कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन शव को वाहन से जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के भतीजे राजकुमार ने बताया कि चाचा जमरेही (गिरवां) के मूल निवासी थे। इन दिनों खुरहंड में ही उसके साथ रह रहे थे। चौकी प्रभारी विवेक प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, तिंदवारी कस्बा निवासी रामजी (12) पुत्र मुखिया बुधवार को सुबह साइकिल पर लकड़ी लेकर घर लौट रहा था तभी कार की टक्कर से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया।