तिंदवारी (बांदा)। फतेहपुर की ओर जा रहीं कार सवार अनियंत्रित हो जाने से शनिवार को सुबह खंती में लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार महिला डॉक्टर केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस से तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया।
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग से डॉ. प्रतीक्षा शनिवार को सुबह बांदा से फतेहपुर की ओर अपनी कार से जा रहीं थीं। तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव के पास बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में डॉ. प्रतीक्षा कार की चालक सीट में फंस गईं। राहगीरों ने डॉक्टर को कार से बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि डॉ. प्रतीक्षा उनके मेडिकल कॉलेज में फरवरी तक संविदा पर कार्यरत थीं। इसके बाद नौकरी छोड़ दी थी। उधर, तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि संभवत: तेज गति होने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई है।