डॉ. गिरिजा शंकर अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में महिलाओं में हरियाणा और पुरुषों में रुड़की की टीमें फाइनल जीतकर चैंपियनशिप बनीं। उन्हें नगदी के अलावा ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार दिए।
रायफल क्लब ग्राउंड में महिलाओं की हॉकी मैच का फाइनल मेजबान बांदा और हरियाणा की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों की जबरदस्त टक्कर के बाद हरियाणा ने बांदा को 2-1 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। हरियाणा टीम की हरिता ने पहला गोल मारा। कुछ ही देर बाद सोनम ने दूसरा गोल कर दिया। बांदा टीम की खुशी ने एक गोल किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में रुड़की और झांसी एनसीआर टीमें आमने-सामने हुईं।
रुड़की टीम ने एक गोल किया। झांसी एनसीआर कोई गोल नहीं कर सकी। रुड़की टीम के अरविंद कुमार को मैन ऑफ द मैच और बांदा टीम के दीपू रावत को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। महिला वर्ग में हरियाणा की कविता वूमेन आफ द मैच घोषित हुईं।
सांसद भैरो प्रसाद मिश्र और विधायक प्रकाश द्विवेदी ने रुड़की की विजेता टीम को 31 हजार और उप विजेता झांसी टीम को 21 हजार तथा महिलाओं में विजेता हरियाणा की टीम को 21 हजार और उप विजेता बांदा की टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और अन्य तोहफे सौंपे। सांसद और विधायक ने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि रायफल क्लब मैदान में खेल ही होंगे और कुछ नहीं। आयोजन समिति अध्यक्ष वासिफ जमां खां, संरक्षक दिनेश शर्मा, सचिव जितेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष शेखर शर्मा आदि ने विजेता और उप विजेता टीमों को अन्य पुरस्कार और तोहफे दिए। साथ ही जिले के पुराने बुजुर्ग खिलाड़ी श्रीकृष्ण चौरसिया (लल्ला भइया) सहित अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
निर्णायकों में स्पोर्ट्स स्टेडियम के कोच जावेद अहमद सहिद शाहिद वली खां शामिल थे। फाइनल के जश्न में भाजपा जिलाध्यक्ष लवलेश सिंह, महिला अध्यक्ष वंदना गुप्ता, रीता गुप्ता, सुधा गौतम, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष आरिफ खां सहित अल्तमश हुसैन, खालिद नियाजी, मुन्ने मगरबी, नफीस खां, मीनाक्षी गौड़, राजेंद्र अवस्थी, विनोद कुमार, भागीरथी पटेल, अशोक कुमार, योग गुरु प्रकाश साहू इत्यादि शामिल रहे।