बांदा। ठेकेदार के साले की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। सिर पर चोट से परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या की आशंका जाहिर की है। पोस्टमार्टम में सिर में चोट पाई गई है। हालांकि बिसरा सुरक्षित किया गया है।
शहर के आवास विकास में दो सगे भाइयों में काफी समय से नाली का विवाद चल रहा है। शनिवार को शाम भी दोनों भाई सौरभ और गौरव के बीच झगड़ा हुआ, तभी सौरभ के साले मोहित के हमले में गौरव घायल हो गया था, लेकिन कुछ दूर पर मोहित का भी शव पाया गया। मोहित के बहनोई सौरभ और बहन रिंकी ने मोहित की डंडे से पीटकर हत्या का आरोप लगाया था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के मुताबिक पोस्टमार्टम में मोहित के सिर पर चोट के निशान पाए गए। उसकी पीटकर हत्या की गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत और सिविल लाइन चौकी प्रभारी रवींद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति साफ होगी।
दंपती समेत तीन पर हत्या की रिपोर्ट
बांदा। मोहित की बहन प्रतिमा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दंपती समेत तीन के विरुद्ध हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक गौरव सिंह और उसकी पत्नी दीप्ति सिंह व एक अन्य को नामजद किया गया है। जांच की जा रही है। प्रतिमा सिंह ने बताया कि नाली बनवाने में दीप्ति अवरोध पैदा कर रही थी। अभिषेक उर्फ मोहित ने विरोध किया तो उसे घेर लिया और पीटकर गिरा दिया। चाचा भारत सिंह समेत पड़ोस के लोगों ने बीचबचाव किया। लेकिन पिटाई से उसके भाई की मौत हो गई।