बेंदाघाट (बांदा)। फसल की बर्बादी और कर्ज से परेशान
किसान को खेत में ही दिल का दौरा पड़ गया। वह मेड़ पर ही गिर पड़ा। वहीं
प्राण त्याग दिए। उस पर बैंक और साहूकारों का लगभग पांच लाख का कर्ज था।
एसडीएम ने लेखपाल को जांच के लिए भेजा है।
सदर तहसील क्षेत्र के
अमलीकौर गांव के मजरा दामिन ताला निवासी चंद्रशेखर सिंह (70) पुत्र रामपाल
सोमवार को सुबह फसल देखने खेत गया था। ज्वार की फसल सूखी देखकर उसे सदमा
लगा और मेड़ में ही गिरकर वह बेहोश हो गया।
खबर मिलने पर पुत्र उसे
बेंदाघाट अस्पताल ले गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के
चार पुत्रों में दो पुत्र परिवार सहित बाहर रहते हैं। एक पुत्र नरेंद्र
गांव में छोटी किराने की दुकान से गुजर करता है। छोटा पुत्र गजेंद्र पिता
और मां के साथ खेती में हाथ बंटाता था।
पुत्र नरेंद्र ने बताया कि
पिता के नाम 12 बीघा जमीन है। इसके अलावा पांच बीघा जमीन बंटाई की है। दो
बीघा खेत में सिर्फ छह किलो तिल की पैदावार हुई। ज्वार की फसल पूरी तरह सूख
गई। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, बेंदा शाखा से उस पर तीन लाख 59 हजार
रुपये कर्ज था।
साहूकारों से लगभग डेढ़ लाख रुपये का कर्ज ले रखा
था। इसी सदमे में उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। एसडीएम विनय कुमार पाठक ने
बताया कि घटना की जानकारी मिली है। लेखपाल को भेजकर अपने स्तर से जांच
कराएंगे।