बांदा। बबेरू कस्बे में रविवार को जमीन के विवाद में हुए दोहरे हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। आरोपी राजकिशोर ने अपनी मां शांति देवी और छोटे भाई देवीदीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मां की हत्या के बाद आरोपी और पड़ोसी युवक के बीच छीनाझपटी हुई। पड़ोसी ने उससे बंदूक छीन ली थी लेकिन अचानक दहशत में आए युवक ने उसे बंदूक वापस दे दी। जिसके बाद उसने भाई की भी हत्या कर दी।
ग्रामीणों ने बताया बचपन में राजकिशोर अपने भाइयों के बेहद करीब था। पुश्तैनी 12 बीघा जमीन को लेकर चचेरे बाबा सत्यनारायण से शुरू हुआ विवाद कटुता में बदल गया था। रविवार सुबह विवाद बढ़ने पर राजकिशोर ने पिता जगदीश पर बंदूक तानी थी, तो मां शांति देवी बीच में आ गईं और गोली उनके सीने में जा लगी थी। पहले फायर के बाद छोटे भाई देवीदीन ने राजकिशोर को पकड़ने का प्रयास किया पर सफल नहीं हुआ।
इस दौरान पड़ोसी युवक भी वहां पहुंचा और उसने हिम्मत दिखाते हुए पहले उसे रोकने की कोशिश की। कहासुनी के बाद छीनाझपटी कर पड़ोसी ने राजकिशोर से बंदूक छीन ली थी। हालांकि, खून और स्थिति देखकर घबराकर पड़ोसी ने बंदूक वापस राजकिशोर को सौंप दी। बंदूक वापस मिलते ही राजकिशोर ने देवीदीन के सीने में दूसरी गोली उतार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना था अगर पड़ोसी घबराकर बंदूक वापस न करता तो देवीदीन की जान बच जाती।
दो डॉक्टरों के पैनल ने किया मां-बेटे के शव का पोस्टमार्टम
बांदा। बबेरू कस्बे में पुश्तैनी जमीन के विवाद में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को मां-बेटे के शवों का पोस्टमार्टम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया गया। संवेदनशील मामले को देखते हुए पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में गोली आरपार होना सामने आया हैं। सभी बिंदुओं का बारीकी से परीक्षण किया। उधर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतकों के परिजन और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। शाम को पुलिस की मौजूदगी में मां-बेटे के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
-
फोन न होने से लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजकिशोर हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। उसका मोबाइल उसके बेटे के बाद है। वह भी स्विचऑफ है। पुलिस फिलहाल नाते-रिश्तेदारों समेत अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
-
पिता जगदीश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की तलाश में चार पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
-डॉ. शिवराज प्रजापति, एएसपी