निरंकारी संत सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह के 61वां जन्मदिन के उपलक्ष्य में निरंकारी भक्तों ने गुरु पूजा दिवस मनाते हुए सफाई अभियान चलाया।
23 फरवरी को बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिन के मौके पर निरंकारी भक्त इसे गुरु पूजा दिवस के रूप में मनाया। रविवार को खाकी वेषधारी पुरुष और नीली पोशाक वाली महिलाओं का जत्था हाथों में झाडू लेकर बाइकों पर निकल पड़ा।
निरंकारी चैरिटेबिल फाउंडेशन के बैनर तले जिला अस्पताल, रोडवेज बस अड्डा, कोर्ट परिसर, अवस्थी पार्क, नवाब टैंक और निरंकारी संत मंडल के आसपास झाडू लगाई। हालांकि यह सफाई अभियान रस्म अदायगी ही लगा। सफाई अभियान दो टीमों ने अंजाम दिया। एक का नेतृत्व अंबिका प्रसाद और दूसरी टीम की कमान कन्हैया लाला ने संभाली।
ज्ञान प्रचारक होरीलाल समेत विजय, भीष्म दास आदि शामिल रहे। जिला अस्पताल में निरीक्षण को पहुंचे डीएम ने भी अभियान को सराहा। निरंकारी मंडल के मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि 23 फरवरी को शाम पांच से आठ बजे तक चन्नी कमला की अध्यक्षता में सत्संग भवन में सत्संग होगा। बाद में लंगर व भोजन होगा।
बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतर्रा रोड पर स्थित निरंकारी भवन आदि स्थानों पर निरंकारी भक्तों ने सफाई अभियान चलाया। नालियां साफ कीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धुलाई की। पौधे भी रोपे। जगनायक प्रजापति प्रधान (पड़री), कल्लू प्रसाद, ब्रजलाल वर्मा, कामता प्रसाद, हरदेव प्रसाद, मनोज कुमार, विनीत कुमार, राममूरत, विपिन, लखन, चंद्रकांत, राहुल, प्रदीप, शंकरदास आदि शामिल रहे।