बांदा/अतर्रा। भूगर्भ जल सप्ताह के तहत महुआ ब्लाक में प्रधानों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। देहात सोसाइटी (गोरखपुर) निदेशक आन मोहम्मद और बीडीओ संजीव बघेल ने प्रधानों को जल जीवन मिशन के बारे में बताया। पेयजल व स्वच्छता समिति गठन पर भी चर्चा हुई।
भूगर्भ जल बचाने के लिए बारिश के पानी के संचयन के प्रति लोगों को जागरूक करने को कहा गया। अरविंद शर्मा, अवधेश कुमार, अतुल, आशीष, ज्योति, अजय, आमीन आदि मौजूद थे। उधर, अतर्रा तहसील सभागार में अटल भूजल योजना व खरीफ गोष्ठी हुई। एसडीएम सुरभि शर्मा ने गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताई। भारत सरकार की कई योजनाओं की जानकारी दी। किसानों से भूजल योजना से जुड़कर पानी बचाने को कहा। तहसीलदार विजय प्रताप सिंह ने पौधरोपण को प्रेरित किया। प्रगतिशील किसान विज्ञान शुक्ला ने कहा कि ड्रिप एरीगेशन व स्प्रिंकलर के जरिए फसलों को कम पानी देकर बेहतर उत्पादन लिया जा सकता है। बारिश के पानी को एकत्र कर उसका सिंचाई में उपयोग करने की सलाह दी। नायब तहसीलदार कमलेश कुमार सहित कृषि व भूजल योजना से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)