बांदा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने दो दिन पहले बीएससी प्रथम वर्ष की मेरिट सूची जारी की थी। बीएससी बायो में 70.6 और मैथ में 77 प्रतिशत कट ऑफ जारी किया था। दो दिन तक बीएससी में एक भी प्रवेश नहीं हुए तो तीसरे दिन बीएससी बायो में कट आफ 65 प्रतिशत और मैथ में बिना मेरिट सूची के प्रवेश लेने की छूट दी गई है। वहीं बीए प्रथम वर्ष में भी दाखिले कम हो रहे हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. दीपाली गुप्ता ने बताया कि बीएससी प्रथम वर्ष के लिए दूसरी कट ऑफ जारी की गई है। बायो में 65 प्रतिशत मेरिट वालों के शुक्रवार से दाखिले लिए जाएंगे। जबकि मैथ में सभी छात्राएं प्रवेश ले सकेंगी। मंगलवार को बीए प्रथम वर्ष का विश्वविद्यालय से 70 प्रतिशत सामान्य में कट ऑफ जारी किया था। बुधवार को बीएससी प्रथम वर्ष की सूची जारी की गई। बीएससी बायो में सामान्य की 77 प्रतिशत और बीएससी प्रथम वर्ष मैथ में 70.6 प्रतिशत कट ऑफ जारी हुआ था।
पहली मेरिट में बीएससी के दाखिले गुरुवार को लिए जाने थे। विज्ञान भवन में रसायन विज्ञान विभाग में छात्राएं बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए नहीं पहुंची। इसके बाद दूसरी मेरिट जारी की गई। प्राचार्य ने कहा कि छात्राएं प्रवेश के लिए सुबह साढ़े दस बजे पहुंचे। इस समय अभिभावकों को साथ लेकर नहीं आएंगी। उन्हें अपनी ई-मेल आइडी व मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में कम दाखिले हो रहे हैं।
उधर, प्राचार्य ने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने एमए प्रथम वर्ष की भी मेरिट सूची जारी की है। शिक्षाशास्त्र, इतिहास व गृह विज्ञान में 60,हिंदी में 55.11, समाजशास्त्र में 58.1 प्रतिशत कट ऑफ है। वहीं एमए प्रथम वर्ष उर्दू में कोई मेरिट नहीं है, सभी छात्राओं के प्रवेश लिए जाएंगे।