बांदा में घटनास्थल पर मौजूद सीओ और इंसपेक्टर व अन्य।
- फोटो : BANDA
बांदा। साथ रह रही प्रेमिका के सात वर्षीय बालक को प्रेमी ने जिंदा कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने कुएं से बच्चे का शव निकालकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है। देर शाम पुलिस अधीक्षक ने भी निरीक्षण किया।
शहर के आवास विकास में रहने वाली युवती अपने पति से विवाद हो जाने के बाद करीब दो साल से अपने पुरुष मित्र पप्पू माली (खुटला) के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के निम्नीपार कांशीराम कालोनी में रह रही थी। कई दिन पहले उसका पप्पू से विवाद हो गया। इस पर वह वापस अपने घर आवास विकास जाकर रहने लगी। गुरुवार को दोपहर पप्पू माली उसे लेने के लिए पहुंचा तो उसने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इस पर आपा खो बैठे पप्पू माली ने उसके सात वर्षीय बच्चे को नजदीक स्थित कुएं में फेंक दिया। खबर मिलते ही क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा और कोतवाली इंस्पेक्टर दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कुएं से बालक का शव निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी पप्पू माली को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। देर शाम पुलिस अधीक्षक डॉ. एसएस मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घटना का अन्य विवरण जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है।