बांदा। हर घर नल से जल योजना के तहत लगे नल से पानी भर रही बालिका को बिजली के खंभे के सपोर्टिंग तार से करंट लग गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिसंडा थाना क्षेत्र के जनवारा गांव निवासी शिव देवी (10) शनिवार की शाम घर के पास लगे नल से पानी भर रही थी। वहां पर बिजली का खंभा भी लगा था। पानी भरने के दौरान उसने बिजली के खंभे में लगे सपोर्टिंग तार को पकड़ लिया। इससे उसमें आ रहे करंट से उसकी मौत हो गई।
घटना के समय पिता लल्लू व मां हीरा देवी खेत गए थे। ग्रामीणों के जानकारी देने पर मौके पर पहुंचे। पिता लल्लू ने बताया कि तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। करंट से मौत हुई है।