अतर्रा के बांदा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बैठे गोवंश और गुजरता वाहन।
- फोटो : संवाद
अतर्रा। कस्बे के बांदा रोड स्थित पेट्रोल पंप व बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर अन्ना गोवंशों का जमावड़ा बड़ी समस्या बन गया है। पूरा दिन और विशेषकर शाम के समय आधा सैकड़ा से अधिक गोवंश सड़क के बीचों-बीच बैठे रहते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। गोवंशों से वाहन टकराने पर हादसे हो रहे हैं।
नगर पालिका द्वारा संचालित कान्हा गौशाला की स्थिति सिर्फ कागजों में बेहतर दिखती है, वास्तव में अन्ना गोवंश भूख से बेहाल होकर इधर-उधर भटकते नजर आते हैं। इनकी देखभाल और संरक्षण को लेकर पालिका कोई ठोस प्रयास नहीं कर रही है। खास बात यह है कि अन्ना मवेशियों को पकड़ने के लिए पालिका के पास उपलब्ध एनिमल कैप्चर वाहन पिछले दो साल से मुक्तिधाम परिसर में खराब खड़ा जंग खा रहा है। कस्बे के विधिक सलाहकार ब्रहदत्त शुक्ला ने नगर विकास मंत्री को पत्र लिखकर इस लापरवाही पर संज्ञान लेने और गोवंश संरक्षण की मांग की है। (संवाद)