रसोई गैस सिलेंडर के संकट से परेशान उपभोक्ताओं ने मंगलवार को सिलेंडर की अर्थी निकालकर प्रतीकात्मक पुतला फूंका। साथ ही डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर शहर की गैस एजेंसियों की जांच की मांग की गई।
नए साल में गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। रोजाना ठंड में सिलेंडर और बुकिंग के लिए बड़ी तादाद में एजेंसी और वितरण स्थल पर भीड़ एकत्र हो रही है। मंगलवार को उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी परिसर में कंधे पर गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी उठा ली।
स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट तिराहे पर नारों के बीच अर्थी और पुतले को आग के हवाले किया। बुंदेलखंड लोकतांत्रिक सेना ने इस अवसर पर डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसमें आरोप लगाया कि शहर की दोनों गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को गुमराह कर रही हैं। केंद्र सरकार के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।
सब्सिडी खाते के नाम पर नए वर्ष में दिसंबर की पर्चियां निरस्त करके पुन: पर्ची काटी जा रही हैं। उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर लगाने में पैसा और समय लगाना पड़ रहा है। कई मांगें की गईं।
ज्ञापन देने वालों में संगठन अध्यक्ष संजीव सिंह महासचिव प्रशांत समुद्रे सहित रवि कुशवाहा, संजय गुप्ता, रत्नेश गुप्ता, रवि कुमार, रवींद्र नाथ, अरविंद शुक्ला, जावेद खां, प्रह्लाद, दीपक कुमार, अखिलेश सोनी आदि शामिल रहे। सिटी मजिस्ट्रेट केएस पांडेय ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
‘बैंक से खाता लिंक करा लें’
आराधना गैस एजेंसी संचालक रामेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि उपभोक्ताओं को कुछ गलत फहमियां हैं। जिन्होंने आधार कार्ड या बैंक खाते वाला फार्म जमा कर दिया है उनमें से कुछ फार्मों का बैंक से लिंक हो गया है। कुछ अभी शेष हैं। तभी अलग-अलग मूल्यों (सब्सिडी रहित या सब्सिडी युक्त) की पर्चियां काटी जा रही हैं।
आधार कार्ड या खाता लिंक होने पर पर्ची 763 रुपये 50 पैसे की कटेगी। इनकी बुकिंग होते ही 568 रुपये एडवांस उनके खाते में आ जाएंगे। सिलेंडर लेने के बाद 323 रुपये सब्सिडी उनके खाते में जल्द ही आ जाएगी।