बांदा। सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) विनीत सिंह ने बृहस्पतिवार को अचानक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर गंदगी और अन्य अव्यवस्थाएं देखकर उनका पारा चढ़ गया। स्टेशन प्रबंधक पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। देर तक स्टेशन के कक्षों और परिसर का मुआयना किया।
दोपहर चंबल एक्सप्रेस से एडीआरएम झांसी से बांदा आए। उनके साथ रेलवे अधिकारियों का जत्था भी था। पूरे स्टेशन का घूम-घूम कर निरीक्षण भी किया। हर कक्ष और विभाग को देखा। प्लेटफार्म नंबर-एक और दो को देखा। आरएमएस कार्यालय की ओर गेट खुला देखकर असंतोष जताते हुए रेलवे के आईओडब्ल्यू से इसे बंद करने के निर्देश दिए।
लोको लाबी, जीआरपी थाना, सीएंडडब्ल्यू कार्यालय देखे। कार्यालय के बाहर स्कूटी और बाइक खड़ी देखकर नाराजगी जताई। ये वाहन रेलवे कर्मियों के थे। एडीआरएम ने कहा कि रेलवे अधिकारी या कर्मचारी को कोई अधिकार नहीं है कि जहां चाहे वाहन खड़ा कर दें। अपनी इस आदत को बदलें। आरपीएफ को निर्देश दिए कि प्लेटफार्म पर वाहन खड़े करने वालों पर जुर्माना करें। चाहे किसी का भी वाहन हो।
यात्री प्रतीक्षालय में गंदगी देख स्थानीय अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। एडीआरएम के मुआयने के समय ही झाड़ू लगाई जा रही थी। एडीआरएम ने यह नजारा खुद देखा और असंतोष जताया। आरक्षित श्रेणी वाले प्रतीक्षालय में सामान्य यात्रियों, भिखारियों व वेंडरों को सोते देख सख्त नाराजगी जताई।
स्टेशन प्रबंधक से कहा कि उनका कोई कंट्रोल नहीं है। शौचालय में गंदगी देखकर कहा कि एक तरफ रेल मंत्री स्वच्छता पर जोर दे रहे हैं, दूसरी तरफ यहां सफाई की मानीटरिंग भी नहीं हो रही। प्रतीक्षालय के पंखे बंद मिले। एडीआरएम ने स्टेशन प्रबंधक को कार्रवाई की चेतावनी दे डाली।
ट्रेन के इंजन में बैठकर आए एडीआरएम
बांदा। एडीआरएम स्पेशल कोच से नहीं आए। उन्होंने चंबल एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर झांसी से बांदा तक सफर पूरा किया। पूरे समय इंजन से रेलवे ट्रैकों और रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों को देखा। निरीक्षण के बाद ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि उन्हें यहां काफी अव्यवस्थाएं मिली हैं।
खासतौर पर सफाई व्यवस्था बेहद लचर है। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर जरूर कार्रवाई होगी। एडीआरएम विनीत सिंह के निरीक्षण में वेंडरों में हड़कंप रहा। कई वेंडर पानी भरी बोतलें छोड़कर भाग गए। एडीआरएम ने ये बोतलें आरपीएफ के हवाले कर दीं। इक्का-दुक्का वेंडर ही नजर आए। अधिकांश नदारद थे।