चिल्ला नदी पुल में पड़ी क्षतिग्रस्त बैलगाड़ी। संवाद
बांदा/पैलानी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में महिला सहित चार लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। एक घायल को कानपुर रेफर किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र कताई मिल निवासी शकुतंला (42) ने बताया कि वह अपने पुत्र रोहित (1) का जिला अस्पताल से इलाज कराकर ई रिक्शा से अपने घर जा रही थी। तभी कताई मिल के पास दूसरी तरफ से आए सुकुल कुआं मोहल्ला निवासी कुलदीप (17) से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। उधर, चिल्ला थाना क्षेत्र के सादीमदनपुर गांव निवासी शाहिद ने बताया कि गांव के अंसार (58) रविवार को भोर अपनी बैलगाड़ी से यमुना नदी से बालू लेकर आ रहे थे। तभी यमुना नदी पुल पर पीछे से आया ट्रक बैलगाड़ी से टकरा गया। हादसे में बैलगाड़ी में लगे दोनों मवेशियों की मौत हो गई। अंसार गंभीर घायल हो गए। उन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से अंसार को कानपुर के लिए रेफर किया गया है।