अतर्रा/कमासिन/खप्टिहा कलां। अतर्रा थाने में समाधान दिवस पर एडीएम संतोष बहादुर सिंह और एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। यहां आठ शिकायतें आईं। निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की टीम मौजूद रही।
समाधान दिवस में एसआई से रजिस्टर पर प्रविष्टियों को अंकित कराने की हिदायत दी। लेखपालों और थाना पुलिस का संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर समस्याओं के समाधान से संबंधित डिटेल प्रसारित करने के निर्देश दिए। एडीएम ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने की नियत से लड़ रहे पचोखर गांव के दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए हल्का लेखपालों को आदेशित किया।
इस दौरान एसडीएम सौरभ शुक्ला, कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह गौर आदि मौजूद रहे। पैलानी थाने में सात मामले आए। दो का मौके पर निस्तारण किया गया। चिल्ला थाने में एसडीएम रामकुमार व सीओ सदर सत्य प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजन हुआ। यहां चार शिकायतों में एक का निस्तारण हुआ। समाधान दिवस में लेखपाल कृष्ण चंद्र व कानूनगो आदि मौजूद रहे।
जसपुरा में तहसीलदार तिमराज सिंह व जसपुरा थाना प्रभारी सुनील कुार सिंह की अध्यक्षता में पांच मामलों में तीन का निस्तारण किया गया। कमासिन थाने में तहसीलदार विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ, जिसमें अलग-अलग गांवों से सात शिकायतें पहुंची। तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष चार शिकायतें जमीन विवाद से संबंधित रहीं।