पूर्व विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी की धान मिल के गोदाम में आग लग गई। आसपास के बाशिंदों और फायर ब्रिगेड कर्मियों की अथक कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
ओरन रोड पर मंडी समिति के पीछे पूर्व विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी की सद्गुरु राइस मिल है। मिल से सटा हुआ गोदाम है। इसमें चावल की पालिस से निकला लगभग 1500 क्विंटल कना रखा हुआ था। एक क्विंटल कने की कीमत करीब 1300 रुपये है।
मिल मैनेजर शिव कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब 9:30 बजे गोदाम से धुआं उठता दिखा। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं। विधायक के पुत्र मयंक ने इसकी सूचना अतर्रा थाना और फायर ब्रिगेड को दी। इस बीच मिल कर्मचारी और आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए।
दमकल कर्मियों और मिल स्टाफ के काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मैनेजर का कहना था कि आग अगर मिल तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान होता। हालांकि गोदाम में रखा कना बचाया नहीं जा सका। करीब पंद्रह लाख का कना जल गया।